सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के जन आरोग्य केंद्र, गांधीनगर द्वारा सोमवार, 23 नवंबर 2026 को रांची में दो अलग-अलग स्थानों पर निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी पहल के तहत पहला शिविर पिस्का नगरी स्थित आदर्श वृद्धा आश्रम में लगाया गया, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 70 बुजुर्गों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं, दूसरा शिविर सीसीएल की गांधीनगर कॉलोनी स्थित जन आरोग्य केंद्र परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें 84 संविदा कर्मचारियों के स्वास्थ्य की निःशुल्क जांच की गई। इस शिविर में विशेष रूप से महिला संविदा कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
दोनों स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से कुल 154 लोगों को सीधा स्वास्थ्य लाभ मिला। शिविर के दौरान सभी लाभार्थियों के हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और हाइपरटेंशन सहित अन्य सामान्य व गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की निःशुल्क जांच की गई और जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं। बुजुर्गों और संविदा कर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने तथा समय रहते बीमारियों की पहचान कर उनका उचित उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया था। इस शिविर को सफल बनाने में सीएमओ एवं गांधीनगर इंचार्ज डॉ. भरत सिंह, सीएमओ एवं सीएसआर इंचार्ज डॉ. प्रीति तिग्गा, डॉ. अनिता होरो, डॉ. दीपक, डॉ. प्रियंका, डॉ. स्वाति, डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. ललिथा प्रिया, डॉ. रत्नेश सिंह, डॉ. रवि रोशन, डॉ. शिल्पी झा, डॉ. उमा सहित मुन्ना कुमार सिंह, श्रुति जायसवाल, राजेंद्र कच्छप और समस्त पारा मेडिकल स्टाफ ने सराहनीय भूमिका निभाई।










