रांची के खलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कीटांड़ में कोयला लदे हाईवा में आगजनी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए मास्टरमाइंड समेत चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 8 नवंबर को अज्ञात अपराधियों द्वारा हाईवा में आग लगाए जाने के बाद रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन और खलारी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जांच कर रही एसआईटी को 22 नवंबर को सूचना मिली कि लेवी की रकम नहीं मिलने से नाराज अपराधी दोबारा किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कार से खलारी की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसआईटी ने बलथरवा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बिजुपाड़ा की तरफ से आ रही एक संदिग्ध वैगन-आर कार (JH01GK-1745) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार खलारी निवासी अफताब आलम उर्फ टिंकू, जेहलीटांड़ निवासी हसन अंसारी और चान्हो के बलथरवा निवासी कलीम अंसारी को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने 8 नवंबर की आगजनी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि लेवी नहीं मिलने पर वे फिर से घटना को अंजाम देने जा रहे थे। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने बलसोकरा निवासी मो. मोजम्मील को भी दबोच लिया, जो इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य सूत्रधार है।
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मास्टरमाइंड मो. मोजम्मील पहले ‘मोहित मिनरल कंपनी’ में काम करता था, लेकिन कुछ समय पहले कंपनी ने उसे काम से निकाल दिया था। इसी का बदला लेने और कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाने की नीयत से मोजम्मील ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह साजिश रची। उसने कंपनी के कर्मचारी सूरज कुमार की हत्या करने के उद्देश्य से उनके घर और वाहन की रेकी भी की थी और फिर हाईवा को आग के हवाले कर दिया। पकड़े गए अपराधियों में हसन अंसारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जो पूर्व में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के रेंगाली थाना क्षेत्र में बैंक डकैती के मामले में जेल जा चुका है।
छापेमारी दल ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त वैगन-आर कार, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस सफल अभियान में खलारी डीएसपी के साथ खलारी थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा, सब-इंस्पेक्टर कपिलदेव यादव, सब-इंस्पेक्टर रवि कुमार सोनी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।










