झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के तहत राँची जिले में सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, आवास और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। 21 नवंबर को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, गृह प्रवेश, कृषि कार्यशालाओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी पहलों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों से जोड़ा गया।
पंचायती राज विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले की पंचायतों में स्वच्छता शपथ दिलाई गई और लोगों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों में स्वच्छता व स्थानीय संस्कृति के प्रति समझ बढ़ाने के लिए बाल सभाओं का आयोजन हुआ, जिनमें निबंध, भाषण, वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिताएं कराई गईं। बुढ़मू प्रखंड के बाड़े पंचायत में स्वच्छता शपथ के साथ बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया गया और इसके दुष्प्रभावों पर चर्चा हुई। हुंडरू जलप्रपात में पर्यटक मित्रों ने स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम चलाया, जबकि रातु के बाजपुर पंचायत में स्वच्छता शपथ, रैली व बाल सभा आयोजित हुई और तमाड़ के बिरगांव पंचायत में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम किया गया।
आवास योजनाओं के तहत कई पंचायतों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत काँके के बादू, मांडर के सरवा, नगड़ी के कुदलौंग, लापुंग के ककरिया और ईटकी के कुल्ली पंचायत में गृह प्रवेश कार्यक्रम संपन्न हुए। वहीं अबुआ आवास योजना के तहत खलारी के हुटाप, अनगड़ा के महली और ईटकी के कुल्ली पंचायत में लाभुकों को नए घरों में प्रवेश कराया गया। कृषि जागरूकता के तहत राहे और नगड़ी में रबी कार्यशाला सह खेत बचाओ कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा कुदलौंग पंचायत में सरसों की क्लस्टर फ्रंट लाइन डेमोंस्ट्रेशन प्रशिक्षण दिया गया।
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा भी ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तीकरण और पशुपालन को सुदृढ़ करने के लिए कई गतिविधियां संचालित की गईं। सोनाहातू के हारिण पंचायत स्थित स्वयं सहायता समूह और सोनाहातू फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी को मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत ट्रैक्टर प्रदान किया गया, जिससे खेती के कार्यों में सहूलियत और उत्पादकता बढ़ने की उम्मीद है। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 15 लाभुकों को स्वरोजगार के लिए कुल 4.40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। बकरी स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत नगड़ी के चिपरा क्लस्टर के पंचडीहा गांव में 30 किसानों की 250 बकरियों को कृमिनाशक दवा दी गई और विभिन्न प्रखंडों में कुल 3,216 बकरियों का टीकाकरण किया गया।
सामुदायिक निवेश निधि के वितरण के तहत ओरमांझी के कुच्चू सीएलएफ के 20 वीओ को 40 लाख रुपये, बड़रीडीह सीएलएफ के 24 वीओ को 48 लाख रुपये, ईटकी सीएलएफ के 5 वीओ को 7.60 लाख रुपये तथा अन्य प्रखंडों के सीएलएफ को कुल 39.62 लाख रुपये की राशि दी गई। इसके अलावा जागरूकता रैली, पोषण पखवाड़ा और नुक्कड़ नाटकों के जरिए जेंडर समानता, स्वास्थ्य व नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई और आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म में पोषण व देखभाल की जानकारी दी गई। जिले में 109 एसएचजी कट-ऑफ व 54 वीओ ट्रांजेक्शन शिविर आयोजित हुए और 1,425 लाभार्थियों का ई-केवाईसी सत्यापन पूरा किया गया। साथ ही, जेएसएलपीएस (पलाश) की ओर से स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत 22 नवंबर से जिले के प्रखंडों स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। जन शिकायतों के लिए जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 भी जारी रखा गया है।











