नई दिल्ली में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति श्री अपरेश कुमार सिंह ने झारखंड पवेलियन का अवलोकन किया। इस दौरान पवेलियन में आगंतुकों की भारी भीड़ देखने को मिली। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक खानपान और स्थानीय उत्पादों को करीब से जानने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं। खासतौर पर रागी से तैयार उत्पादों, पारंपरिक देसी अचार और ऑर्गेनिक शहद की बढ़ती मांग ने झारखंड के स्थानीय स्वादों को मेले में खास पहचान दिलाई है।
झारखंड पवेलियन में रागी से बने लड्डू, नमकीन, चॉकलेट और ठेकुआ आगंतुकों के बीच खासे लोकप्रिय हो रहे हैं। जोहार रागी स्टॉल की संचालिका अस्मिता ने बताया कि रागी के लड्डुओं को ग्राहकों की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। वहीं रागी चॉकलेट की लोकप्रियता इतनी अधिक रही कि मेले के शुरुआती व्यापारिक दिवसों के दौरान ही इसका पूरा स्टॉक बिक गया। स्टॉल संचालिका सुषमा के अनुसार उन्हें उम्मीद नहीं थी कि रागी चॉकलेट को लोगों का इतना जबरदस्त प्रतिसाद मिलेगा। इन उत्पादों की बढ़ती मांग से न केवल झारखंड के पारंपरिक स्वाद को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिल रही है, बल्कि राज्य की महिला उद्यमियों के लिए नए बाजार के अवसर भी खुल रहे हैं।
पवेलियन में अरजनीत फार्म की ओर से प्रदर्शित प्राकृतिक और ऑर्गेनिक शहद भी लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है। यहां नीम और तुलसी सहित विभिन्न पुष्प स्रोतों से प्राप्त मोनोफ्लोरल शहद की कई किस्में उपलब्ध हैं, जिन्हें मधुमक्खियां किसी एक विशेष फूल के रस से तैयार करती हैं। इसी वजह से प्रत्येक किस्म के शहद का स्वाद, सुगंध और प्राकृतिक गुण अलग होते हैं। स्टॉल संचालक पुनीत कंचन कुजूर ने बताया कि उनका उद्देश्य लोगों को शहद की विविध किस्मों और उनकी खासियतों से परिचित कराना है। आगंतुकों की ओर से मोनोफ्लोरल शहद को मिल रहा उत्साहजनक प्रतिसाद स्थानीय उत्पादकों का मनोबल बढ़ा रहा है।
IITF-2026 में झारखंड पवेलियन के प्रति लोगों का बढ़ता रुझान और स्थानीय उत्पादों की जबरदस्त बिक्री राज्य की पारंपरिक खाद्य संस्कृति, प्राकृतिक संसाधनों और ग्रामीण उद्यमशीलता की मजबूत संभावनाओं को दर्शाती है।















