राँची के मेन रोड स्थित ओसीसी क्लब दुर्गा पूजा समिति परिसर में रविवार को राँची जिला युवा दुर्गा पूजा सुरक्षा समिति की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी दुर्गोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने पर विस्तृत चर्चा हुई। इसी बैठक में सर्वसम्मति से इस वर्ष के लिए समिति की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। बैठक में उपस्थित समिति के मुख्य संरक्षक मुनचुन राय ने स्पष्ट किया कि समिति का प्राथमिक उद्देश्य जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जब बड़े पूजा पंडालों में अत्यधिक भीड़ उमड़ती है, तब सुरक्षा समिति के स्वयंसेवक प्रशासन के सच्चे सहयोगी बनकर भीड़ नियंत्रण में अपना अहम योगदान देंगे। वहीं, समिति के मुख्य सलाहकार अशोक पुरोहित ने सदस्यों की नि:स्वार्थ सेवा की सराहना करते हुए कहा कि यह समिति समाजसेवा और अनुशासन का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
नवनियुक्त अध्यक्ष कृष्णा मिश्रा ने समिति की भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार दुर्गोत्सव के दौरान शराबबंदी को लेकर विशेष सख्ती बरती जाएगी। शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए समिति श्रद्धालुओं से अपील करेगी कि वे पूजा दर्शन के दौरान चारपहिया वाहनों का उपयोग न करें। इस पहल को सफल बनाने के लिए समिति की ओर से जल्द ही एक जागरूकता मार्च भी निकाला जाएगा। इसके अतिरिक्त, किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य स्थिति से निपटने के लिए शहर के सभी बड़े पूजा पंडालों में मेडिकल किट उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया है ताकि त्वरित सहायता मिल सके।
बैठक के दौरान मुनचुन राय ने संयुक्त रूप से नई कार्यकारिणी की घोषणा की और सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। नई टीम में मुनचुन राय, राजेंद्र सिंह, आलोक साहू और अशोक चौधरी को मुख्य संरक्षक तथा जितेंद्र सिंह, उमंग सुल्तानिया और राहुल अग्रवाल को वरिष्ठ संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। अशोक पुरोहित और कुणाल अजमानी मुख्य सलाहकार बनाए गए हैं, जबकि संरक्षक मंडल में अमृत रमण, निशांत यादव, शशिकांत तिवारी, मोनू शुक्ला और सुजीत सिंह को शामिल किया गया है।
समिति के संयोजक का दायित्व संदीप गुप्ता, शुभम पुरोहित, सोनू सिंह और नीतीश मिश्रा संभालेंगे, वहीं नीरज गुप्ता सह संयोजक होंगे। कृष्णा मिश्रा को अध्यक्ष, अमित कुमार हर्षवीर को कार्यकारी अध्यक्ष और दीपक गुप्ता को सचिव मनोनीत किया गया है। इसके साथ ही शिव चौधरी को ग्रामीण अध्यक्ष और विनय केसरी को ग्रामीण सचिव का प्रभार सौंपा गया है।समिति के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देते हुए विपुल मिश्रा, निशांत चौहान, कुमार अनिमेष, रवि अग्रवाल, भावेश शर्मा, शुभम सिंन्हा और भूषण को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कुशाग्र सिंह को महामंत्री और अमित अग्रवाल, रवि मिश्रा, किशन मोदी व अभिमन्यु आनंद को मंत्री बनाया गया है। संगठन प्रभारी के रूप में चंद्रशेखर दास, बॉबी कुमार और गौरव कुमार कार्य करेंगे, जबकि मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी साजन कुमार और विकाश कुमार को सौंपी गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक में आशीष कुमार, अभय कुमार प्रसाद, आदित्य कुमार, सुधीर कुमार, नीरज कुमार, पवन प्रभाकर, कमल मोदी, अंकित कुमार सोनी, अजय कुमार, बादल राम और दीपक कुमार राणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकारी समिति के सदस्य और स्वयंसेवक मौजूद रहे।










