रांची के प्रसिद्ध रिसालदार बाबा के सालाना उर्स को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने मजार परिसर तथा आसपास के इलाकों का संयुक्त रूप से दौरा कर सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों आला अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, प्रवेश व निकास मार्गों, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की स्थिति को परखा। उपायुक्त ने तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस बल को भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। वहीं, एसएसपी राकेश रंजन ने जवानों को पूरी मुस्तैदी से निगरानी रखने और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर रहने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद उपायुक्त और एसएसपी ने रिसालदार बाबा की मजार पर पूरी श्रद्धा और अकीदत के साथ चादरपोशी की। दोनों अधिकारियों ने जिले में सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द बने रहने की दुआ मांगी। इस मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम (विधि-व्यवस्था) धनंजय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शांति समिति और उर्स कमेटी के सदस्यों से निरंतर समन्वय बनाकर इस आयोजन को सफल और सौहार्दपूर्ण बनाने की अपील की है।











