नक्सलमुक्त घोषित हो चुके पूर्वी सिंहभूम जिले में एक बार फिर नक्सलियों की हलचल तेज हो गई है। गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा नक्सली संगठन खुद को मजबूत करने और अपने दस्ते का विस्तार करने की फिराक में है। फंड जुटाने के लिए नक्सलियों ने अब स्थानीय व्यवसायियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
हाल ही में 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली एरिया कमांडर बिरेन सिंह उर्फ सागर उर्फ रवि सरदार के दस्ते ने बोड़ाम के भूइयांसिनान और गालूडीह स्थित पेट्रोल पंप मालिकों से 5-5 लाख रुपये की लेवी (रंगदारी) मांगी है। नक्सलियों ने इसके लिए बकायदा पर्चा भी छोड़ा था।
राहगीर का मोबाइल छीनकर दी धमकी
पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। भूइयांसिनान के पेट्रोल पंप संचालक को जिस मोबाइल नंबर से फोन कर लेवी के लिए धमकाया गया था, वह एक राहगीर का था। पुलिस ने जब उस मोबाइल नंबर को ट्रैक कर युवक को पकड़ा, तो उसने बताया कि नक्सलियों ने रास्ते में उससे मोबाइल छीन लिया था और उसी फोन से पेट्रोल पंप मालिक को धमकी दी थी। तस्दीक करने के बाद पुलिस ने युवक को छोड़ दिया है।
दो गुटों में बंटा नक्सलियों का दस्ता
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सारंडा इलाके में पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद 1 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश ने अपने दस्ते के साथ जगह बदल ली है। वर्तमान में यह दस्ता दो भागों में बंट गया है।
- पहला दस्ता सीसीएम मेंबर असीम मंडल उर्फ आकाश के नेतृत्व में है।
- दूसरा दस्ता 5 लाख के इनामी बिरेन सिंह उर्फ रवि सरदार के पास है। इन दोनों ही दस्तों में फिलहाल 8 से 10 नक्सली शामिल हैं, जो क्षेत्र में पैठ बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस एक्शन में: सुरक्षा बल बढ़ाए गए, CRPF कैंप दोबारा तैयार
नक्सलियों की इस नई धमक के बाद जिला पुलिस और वरीय अधिकारी अलर्ट मोड पर आ गए हैं। पटमदा, बोड़ाम और नीमडीह जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
- CRPF कैंप की सफाई: सुरक्षा बलों के रहने के लिए भूइयांसिनान में काफी समय से खाली पड़े सीआरपीएफ (CRPF) कैंप की मंगलवार को साफ-सफाई कराई गई।
- सैफ जवानों की संख्या बढ़ी: चामटा इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करते हुए सैफ (SAP) जवानों की संख्या 17 से बढ़ाकर सीधे 28 कर दी गई है।
वरीय पुलिस अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाने का आदेश जारी कर दिया है।