रांचीधनबादएक्सक्लूसिवक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडदेशविदेशझारखंडस्वस्थ्यटेक्नोलॉजीमौसम

विकास के दावों की खुली पोल: दुमका में पक्की सड़क न होने से एंबुलेंस गांव के बाहर रुकी, खटिया पर ढोते-ढोते मरीज ने तोड़ा दम

दुमका जिले के रानीश्वर प्रखंड अंतर्गत रांगालिया पंचायत के मसानपाड़ा गांव में विकास के दावों की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। गांव तक पक्की सड़क न होने के कारण एक बीमार ग्रामीण को समय पर घर नहीं पहुंचाया जा सका और रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मसानपाड़ा निवासी सुनील किस्कू की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा जवाब दिए जाने के बाद परिजन उन्हें एंबुलेंस से वापस घर ला रहे थे।

गांव की ओर जाने वाला कच्चा रास्ता बारिश के कारण भारी कीचड़ से भरा हुआ था, जिसके चलते एंबुलेंस चालक ने वाहन को गांव के बाहर ही रोक दिया। मजबूर परिजनों और ग्रामीणों ने सुनील किस्कू को खटिया पर लिटाया और पैदल ही घर की ओर ले जाने लगे। दुर्भाग्यवश, घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में सुनील किस्कू की सांसें थम गईं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मसानजोर डैम बनने के दौरान विस्थापित हुए परिवारों को इस इलाके में बसाया गया था, लेकिन दशकों बाद भी यहां पक्की सड़क की सुविधा नहीं पहुंच सकी। विधानसभा चुनाव से पहले ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार का एलान किया था। उस दौरान ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ और मुखिया सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जल्द सड़क बनवाने का ठोस आश्वासन दिया था। इसके बाद विभाग द्वारा सड़क का सर्वे कराकर डीपीआर स्वीकृति के लिए रांची भी भेजा गया, लेकिन फाइलें अब तक अटकी हुई हैं। प्रशासनिक लापरवाही और जमीनी उपेक्षा के कारण बरसात में ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है, जिसका खामियाजा अब लोगों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है।

Ranjeet Kumar Sharma

रंजीत कुमार शर्मा झारखंड के एक अनुभवी पत्रकार और मीडिया उद्यमी हैं। वह रांची से संचालित द्विभाषी (Bilingual) दैनिक समाचार पत्र और डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म यूथ बिरसा के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। जमीनी पत्रकारिता में गहरी पकड़ रखने वाले रंजीत इससे पहले द रियल खबर, झारखंड न्यूज टुडे, न्यूज ऑफ स्टेट्स और जेके 24x7 न्यूज जैसे कई प्रतिष्ठित प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों में संपादकीय और मुख्य भूमिकाएं निभा चुके हैं। वे झारखंड के सभी जिलों में निष्पक्ष, सटीक और जन-सरोकार से जुड़ी खबरों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें