रांची: आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ को सफल बनाने के लिए रांची महानगर जिला कांग्रेस कमिटी ने कमर कस ली है। इसी क्रम में सोमवार को स्थानीय कांग्रेस भवन में महानगर अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गहन विचार-विमर्श किया।
महानगर कांग्रेस की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह मार्च गुरुवार, 26 नवंबर को पूर्वाह्न 11:00 बजे डोरंडा स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक से प्रारंभ होगा। इसके पश्चात यह मार्च विवेकानंद चौक और हिनू चौक से गुजरते हुए बिरसा चौक पहुंचकर संपन्न होगा। बैठक के दौरान संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने महानगर के सभी प्रखंड अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों, अग्रणी संगठनों और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे इस मार्च में अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य रूप से महानगर प्रभारी धर्मराज राम, प्रिंस बट, इंद्रजीत सिंह, शादाब खान, सोनी नायक, विजय सिंह, अभिजीत हालदार, राजेंद्र प्रसाद, राखी कौर, मोहम्मद मुजीब, जेबा कमर जोया, प्रियंका जायसवाल और संतोष साव सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।











