रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जेपी मार्केट के ‘टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट’ में एक ग्राहक ने खौफनाक वारदात को अंजाम देते हुए रेस्टोरेंट के स्टाफ अजय कुमार दास की गला रेतकर हत्या कर दी। यह घटना 17 नवंबर की रात करीब 9:40 बजे की है, जब किसी बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अजय कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत पारस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और धुर्वा थाना में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। एसएसपी रांची के निर्देश और हटिया डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुख्य आरोपी अमित कुमार (निवासी- डायमंड फील्ड, धुर्वा) को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल खून से सना चाकू, उसका मोबाइल और घटना के समय पहना हुआ खून से सना शर्ट भी बरामद कर लिया है। आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।









