रांची। झारखंड विधानसभा के आगामी विशेष सत्र के दौरान मजदूर वर्ग से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर केंद्र और राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के लिए अखिल भारतीय केंद्रीय ट्रेड यूनियन परिषद (AICCTU) ने बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रविवार, 22 नवंबर को रांची में निर्माण मजदूरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 25 नवंबर 2026 को होने वाले मजदूर धरना कार्यक्रम की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
AICCTU की झारखंड राज्य कमेटी के निर्णय के तहत आयोजित यह धरना प्रदर्शन रांची के कुटे मैदान में होगा। इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के उद्देश्य से बैठक के दौरान रांची शहर में AICCTU की एक 21 सदस्यीय तदर्थ (Ad-hoc) कमेटी का गठन भी किया गया।
नवगठित कमेटी में भीम साहू, नदीम अंसारी, रमेश रवि, सुदामा खलखो, राजू महतो, मंजू देवी और शेख शहडोल समेत कुल 21 सदस्यों को शामिल किया गया है। इस कमेटी को 25 नवंबर के धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक मजदूरों की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह जानकारी सुदामा खलखो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।











