कोयला राजस्व के मामले में झारखंड ने अक्टूबर 2026 में बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए 1909.98 करोड़ रुपये प्राप्त किए हैं। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) द्वारा अक्टूबर महीने में विभिन्न राज्यों के खजाने में कुल 4173.69 करोड़ रुपये जमा किए गए, जिसमें अकेले झारखंड की हिस्सेदारी लगभग 45.7 प्रतिशत रही।
राजस्व प्राप्ति के आंकड़ों में झारखंड देश के अन्य कोयला उत्पादक राज्यों से काफी आगे रहा। इस सूची में 719.20 करोड़ रुपये के साथ ओडिशा दूसरे स्थान पर और 588.92 करोड़ रुपये के साथ मध्य प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ को 445.63 करोड़, महाराष्ट्र को 328.78 करोड़ और पश्चिम बंगाल को 136.30 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
झारखंड को मिली राशि का विवरण देखें तो राज्य को रॉयल्टी मद में 524.17 करोड़ रुपये, जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) में 150.71 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट (एनएमईटी) के तहत 15.52 करोड़ रुपये मिले। वहीं सबसे बड़ी राशि 765.47 करोड़ रुपये अन्य मदों के रूप में दर्ज की गई, जबकि जीएसटी के विभिन्न घटकों से सीजीएसटी के 81.41 करोड़, एसजीएसटी के 81.41 करोड़ और आईजीएसटी के 291.29 करोड़ रुपये राज्य को प्राप्त हुए।
अन्य राज्यों में ओडिशा को 255.45 करोड़ रुपये रॉयल्टी, 87.09 करोड़ डीएमएफ और 7.63 करोड़ एनएमईटी से मिले, जबकि मध्य प्रदेश को 233.43 करोड़ रुपये रॉयल्टी और 70.45 करोड़ रुपये डीएमएफ के रूप में प्राप्त हुए। कुल मिलाकर अक्टूबर में सभी राज्यों को रॉयल्टी के रूप में 1440.85 करोड़, डीएमएफ के तहत 433.96 करोड़ और एनएमईटी से 43.46 करोड़ रुपये मिले, वहीं जीएसटी के तीनों घटकों में सीजीएसटी 338.32 करोड़, एसजीएसटी 246.17 करोड़ और आईजीएसटी 831.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।









