झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुधवार सुबह 11:15 बजे विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के प्रारंभिक संबोधन के साथ शुरू हुआ। कार्यवाही के प्रारंभ में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन के पटल पर कार्यसूची रखी, जिसमें राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की वर्तमान प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने से संबंधित राजकीय संकल्प को प्रमुखता से शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से लाए जाने वाले इस संकल्प में एसआइआर के मौजूदा स्वरूप में व्यापक बदलाव कर नए सिरे से पुनरीक्षण कराने की मांग की गई है, जिसे सदन की सहमति मिलने के बाद केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
राज्य सरकार ने सैद्धांतिक रूप से एसआइआर कराने पर सहमति जताई है, लेकिन इसकी जटिल प्रक्रिया, तकनीकी खामियों और मांगे जा रहे दस्तावेजों के कारण वैध मतदाताओं को हो रही कठिनाइयों पर गंभीर आपत्ति दर्ज की है। सरकार का प्रस्ताव है कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से पहले सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा की जाए। इस चर्चा के आधार पर पारदर्शी नियम और सरल एवं सर्वमान्य प्रक्रिया वाली मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए और उसके बाद ही नए सिरे से मतदाता पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो।
राजकीय संकल्प में आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि झारखंड के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप मतदाता सूची में केवल 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम ही प्रकाशित हो पाए हैं। इस तरह लगभग 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची से बाहर हो गए हैं, जबकि सूची में शामिल करीब 27 प्रतिशत मतदाताओं को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है। इन नोटिसों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं। सरकार के अनुसार राज्य के कुल मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक या तो प्रारूप सूची से बाहर हैं या फिर नोटिस का सामना कर रहे हैं।
सरकार ने अपने संकल्प में झारखंड की विशिष्ट सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक परिस्थितियों को रेखांकित करते हुए आदिवासियों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के मताधिकार पर मंडराते खतरे पर चिंता जताई है। सरकारी दस्तावेजों में जन्मतिथि की विसंगतियों और निर्वाचन आयोग द्वारा सुझाए गए 11 दस्तावेजों की सूची में खतियान को शामिल न किए जाने से कई वैध मतदाताओं के नाम कटने की आशंका है। इसके अतिरिक्त दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों, बाहर पढ़ रहे विद्यार्थियों, बुजुर्गों, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को भी दस्तावेजों के सत्यापन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संकल्प में पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए स्थिति की गंभीरता को स्पष्ट किया गया है, जहां विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुए एसआइआर में 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटा दिए गए थे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित ट्रिब्यूनलों में 38 लाख से अधिक अपील आवेदन दायर हुए, जिनमें से अधिकांश पर अब भी निर्णय लंबित है। हेमंत सरकार का मानना है कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में ऐसी जटिल प्रक्रिया के परिणाम और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
अंत में राज्य सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा है कि किसी भी योग्य नागरिक को नियम, विनियम या तकनीकी प्रक्रिया के माध्यम से उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। निर्वाचन प्रक्रिया पर आम जनता का विश्वास बनाए रखने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए वर्तमान एसआइआर पर रोक लगाना और इसके स्वरूप में आवश्यक परिवर्तन करना बेहद जरूरी है।










