देवघर जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित जनता दरबार में उस वक्त एक संवेदनशील तस्वीर देखने को मिली, जब उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने एक 13 वर्षीय दिव्यांग बच्चे के कल्याण के लिए विशेष निर्देश दिए। बरमसिया निवासी सत्यम कुमार जन्म से मूक-बधिर हैं और ऑटिज्म से पीड़ित होने के कारण बेहद चंचल और अस्थिर रहते हैं। इस मानसिक व शारीरिक स्थिति के चलते वे बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे थे, जिसके कारण उनका सरकारी दस्तावेजों से जुड़ना मुश्किल हो रहा था। उपायुक्त ने इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए उनका दस्तावेजीकरण करने और उन्हें सभी सरकारी योजनाओं का लाभ तुरंत दिलाने का निर्देश दिया है।
जनता दरबार के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने अपनी शिकायतें डीसी के सामने रखीं। इस दौरान भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, राशन कार्ड और आवास योजनाओं से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही ऑन-स्पॉट निष्पादन किया गया। एक अन्य दिव्यांग आवेदिका पांची देवी की गुहार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीसी ने संबंधित अधिकारियों को उन्हें प्राथमिकता के आधार पर अंबेडकर आवास योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, जनता दरबार में भूमि और राजस्व से जुड़े मामलों पर उपायुक्त का सख्त रुख देखने को मिला। उन्होंने देवघर अंचलाधिकारी सहित जिले के तमाम अंचलाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऑनलाइन पंजी-II में सुधार और लगान रसीद से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से पेंडिंग न रखा जाए। उन्होंने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं, ताकि आम जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।















