मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 73 कैदियों की रिहाई से जुड़े मामलों पर समीक्षा की गई, जिनमें पर्षद द्वारा अनुशंसित 20 नए प्रस्ताव और पिछली बैठकों में खारिज किए गए 53 मामले शामिल थे।
गहन विचार-विमर्श के बाद 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री और अधिकारियों ने रिहाई से संबंधित निर्धारित मानकों, पात्रता शर्तों, आचरण, जेल में बिताई गई अवधि, कानूनी प्रावधानों के साथ-साथ न्यायालयों, संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों, जेल अधीक्षकों और प्रोबेशन पदाधिकारियों की राय पर बिंदुवार चर्चा के बाद यह निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिहा होने वाले कैदियों के लिए विभाग की ओर से काउंसलर नियुक्त किए जाएं, ताकि जेल से घर-गांव लौटने के बाद वे दोबारा किसी अपराध की राह न पकड़ें। उन्होंने कैदियों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए मनोवैज्ञानिक (साइकोलॉजिस्ट) काउंसलर की तैनाती और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की मदद लेने को कहा। इसके अलावा, जेल से छूटने वाले मानसिक रूप से अस्वस्थ कैदियों के बेहतर उपचार की जिम्मेदारी प्रोबेशन ऑफिसर (पीओ) को सौंपने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सजा पूरी करने के बावजूद जो कैदी जेल से बाहर नहीं निकलना चाहते, उनकी भी काउंसलिंग की जाए और उनके पारिवारिक हालात की जानकारी जुटाई जाए ताकि बाहर न जाने के कारणों का पता चल सके। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव, कारा महानिरीक्षक सुदर्शन प्रसाद मंडल, न्यायिक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा, कारा प्रशासन निदेशक ज्ञान शंकर जायसवाल, प्रोबेशन पदाधिकारी चंद्रमोली सिंह और बंदी कल्याण पदाधिकारी राम गोविंद पंडित समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।









