धनबाद. कोयला मंत्रालय ने कोल इंडिया के निदेशक (मानव संसाधन) डॉ विनय रंजन के कार्यकाल को आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया है. मंत्रालय ने इस संबंध में सीआइएल के चेयरमैन (सीएमडी) को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है.
जारी आदेश के अनुसार विनय रंजन का कार्यकाल 27 जुलाई 2026 के बाद विस्तारित नहीं किया जायेगा. इसके साथ ही वे निर्धारित तिथि पर पदमुक्त हो जाएंगे. कोयला मंत्रालय के स्थापना प्रभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने विनय रंजन के कार्यकाल को 27 जुलाई 2026 के बाद आगे नहीं बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह आदेश मंत्रालय के अवर सचिव संजीव रंजन के हस्ताक्षर से जारी किया गया है.
विनय रंजन वर्तमान में सीआइएल में निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में कार्यरत हैं. उनके कार्यकाल की समाप्ति से पहले सेवा विस्तार को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन मंत्रालय के ताजा आदेश ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है. अब 27 जुलाई के बाद यह पद रिक्त हो जायेगा. सीआइएल देश की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक कंपनी है. ऐसे में निदेशक (मानव संसाधन) का पद संगठन की मानव संसाधन नीति, औद्योगिक संबंध, कार्मिक प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के साथ समन्वय की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. ऐसे में अब नए निदेशक (एचआर) की नियुक्ति की प्रक्रिया पर सबकी नजर रहेगी.