जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास इन दिनों उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या पहुंचकर हनुमानगढ़ी में बजरंगबली और नूतन भव्य मंदिर में प्रभु श्रीराम लला के दर्शन-पूजन किए. रामलला के दिव्य और भव्य रूप का दर्शन कर उन्होंने देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की.
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में आकर उनका मन पूरी तरह आह्लादित है. प्रभु श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, सत्य, सेवा और राष्ट्रधर्म के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है. उन्होंने हनुमानगढ़ी में संकटमोचन हनुमान जी के चरणों में माथा टेककर सभी भक्तों के कल्याण और आरोग्यता की प्रार्थना भी की.लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकातअयोध्या में दर्शन-पूजन करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की.
इस मुलाकात के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में हो रहे चौमुखी विकास और सुदृढ़ कानून व्यवस्था की जमकर सराहना की. रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है. राज्य में सुशासन के नए आयाम स्थापित हुए हैं, जो पूरे देश के लिए एक मिसाल है. उन्होंने इस बेहतरीन कार्यशैली और विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं.