झारखंड के पूर्व वित्त राज्य मंत्री और गोमिया के पूर्व विधायक स्व. छत्रूराम महतो की द्वितीय पुण्यतिथि पर पेटरवार स्थित छत्रूराम महतो चौक पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद ने उनके संघर्षमय जीवन, अनुकरणीय आदर्शों और दूरदर्शी विचारों का स्मरण करते हुए उन्हें सादर नमन किया।
सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने कहा कि स्व. छत्रूराम महतो का संपूर्ण जीवन जनसेवा, सामाजिक समरसता और क्षेत्रीय विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। पृथक झारखंड राज्य के गठन में उनकी अग्रणी भूमिका और पाँच बार विधायक के रूप में उनका कार्यकाल हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित, गरीब और पिछड़ों के उत्थान के लिए अथक प्रयास किए थे। उन्होंने हमेशा राजनीति को सत्ता का नहीं, बल्कि जनसेवा और जनकल्याण का सशक्त माध्यम माना।
कार्यक्रम में बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलकर एक सशक्त, समृद्ध और विकसित झारखंड के निर्माण का संकल्प लिया।









