रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 परेड ग्राउंड में आज सुबह 10 बजे से 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है। अपराध अनुसंधान को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और पुलिस की कार्यक्षमता को और अधिक सटीक बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की मेजबानी में 30 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में एडीजी प्रिया दुबे, एडीजी मनोज कौशिक, आईजी साकेत कुमार सिंह, आईजी पंकज कंबोज, आईजी प्रभात कुमार, आईजी अनूप बिरथरे, आईजी मयूर कन्हैयालाल पटेल, आईजी सुनील भास्कर, डीआईजी शैलेंद्र वर्णवाल, एसएसपी राकेश रंजन, एसपी श्री सौरभ और एसपी दीपक पांडे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी वर्किंग यूनिफॉर्म में मौजूद रहे।
वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों को अदालत से सख्त सजा दिलाने में पुलिसकर्मियों को दक्ष बनाने के लिए आयोजित इस मीट में राज्य के विभिन्न रेंज और इकाइयों की कुल आठ टीमों के 80 से अधिक पुलिस पदाधिकारी व कर्मी भाग ले रहे हैं। अगले चार दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के पेशेवर कौशल को परखने के लिए कुल 12 विभिन्न विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें फॉरेंसिक साइंस की लिखित परीक्षा, अपराध जांच, कंप्यूटर अवेयरनेस, साक्ष्य जुटाने के लिए फोटोग्राफी और लिफ्टिंग-पैकिंग तकनीक, डॉग स्क्वायड, एक्सप्लोसिव ट्रैकर तथा फिंगर प्रिंट का प्रैक्टिकल व ओरल टेस्ट मुख्य रूप से शामिल हैं। इन कठिन स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों का चयन किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय पुलिस ड्यूटी मीट में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।








