रांची: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में राजधानी रांची में विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया गया। संविधान, लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा के संकल्प के साथ निकाले गए इस मार्च में राज्य के सभी जिलों से आए हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत डोरंडा स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी भूपेन्द्र मरावी, अवनिश काजला, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और मंत्री दीपिका पांडे सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। माल्यार्पण के पश्चात यह विशाल मार्च पुराना हाईकोर्ट और हिनू चौक होते हुए बिरसा चौक पहुंचा, जहां यह एक बड़ी जनसभा में तब्दील हो गया।
बिरसा चौक पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि भारत का संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि संविधान के मूल सिद्धांतों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती के लिए जनता के साथ खड़ी रहेगी। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि वर्तमान दौर में जब संवैधानिक मूल्यों और संस्थाओं की स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तब कांग्रेस संविधान को केवल भाषणों तक सीमित न रखकर इसके लिए संघर्ष और आंदोलन को अपनी सर्वोच्च जिम्मेदारी मानती है।
युवा कांग्रेस महासचिव रोहित सिन्हा ने भी लोकतंत्र की मजबूती और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष निरंतर जारी रखने की बात कही। इस मार्च के माध्यम से कांग्रेस ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। इस भव्य आयोजन में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता, धीरज प्रसाद साहू, डॉ. इरफान अंसारी, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक निशात आलम, डॉ. प्रदीप बलमुचू, अम्बा प्रसाद, बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, रमा खलखो, राकेश सिन्हा, आलोक दूबे और सतीश पॉल मुंजनी सहित विभिन्न जिलों के अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।









