झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ लगे बलात्कार के आरोपों से जुड़े मामले को उजागर करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी को मरांडी ने लोकतंत्र पर सीधा प्रहार बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि यदि सरकार इस मामले में निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाना चाहती है, तो आरोपी विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराया जाए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए पुलिस की कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए बाबूलाल मरांडी ने प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि आरोपी विधायक के खिलाफ ठोस कदम उठाने के बजाय एक आदिवासी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को सामने लाने वाले पत्रकार को ही सलाखों के पीछे क्यों भेजा गया? पुलिस की इस कार्यप्रणाली पर अविश्वास जताते हुए उन्होंने कहा कि अभिषेक भारती की गिरफ्तारी ने लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष न्याय व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
हेमंत सरकार को चेतावनी देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछने वालों को गिरफ्तार करना किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सत्ता के दम पर और पुलिसिया कार्रवाई का डर दिखाकर जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि सरकार की इस साजिश का जल्द पर्दाफाश होगा और आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने तथा सच को सामने लाने की लड़ाई हर हाल में जारी रहेगी।









