कोडरमा: सीडी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, झुमरीतिलैया की छात्राओं का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को एक बार फिर तेज हो गया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह के निलंबन के खिलाफ छात्राओं ने स्कूल में अवकाश के बावजूद परिसर से रैली निकाली और झंडा चौक पर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) का पुतला दहन किया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक अतुल आनंद के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने जमकर नारेबाजी की और निलंबन तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया और निलंबन रद्द नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
इस मौके पर अतुल आनंद ने कहा कि छात्राओं के तीन दिन तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने सात दिनों के भीतर चार सूत्री मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने डीईओ पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा और छात्राओं के हित से जुड़े मुद्दे पर विद्यार्थी परिषद उनके साथ खड़ी रहेगी।
वहीं, छात्राओं ने स्पष्ट किया कि अब वे इस विषय पर जिला शिक्षा पदाधिकारी के बजाय एसडीएम से संवाद करेंगी और अपनी मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।









