रांचीधनबादएक्सक्लूसिवक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडदेशविदेशझारखंडस्वस्थ्यटेक्नोलॉजीमौसम

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र शुरू: एसआइआर की वर्तमान प्रक्रिया पर रोक लगाने की तैयारी, हेमंत सरकार ने की नए सिरे से पुनरीक्षण की मांग

झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुधवार सुबह 11:15 बजे विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के प्रारंभिक संबोधन के साथ शुरू हुआ। कार्यवाही के प्रारंभ में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन के पटल पर कार्यसूची रखी, जिसमें राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की वर्तमान प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने से संबंधित राजकीय संकल्प को प्रमुखता से शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से लाए जाने वाले इस संकल्प में एसआइआर के मौजूदा स्वरूप में व्यापक बदलाव कर नए सिरे से पुनरीक्षण कराने की मांग की गई है, जिसे सदन की सहमति मिलने के बाद केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

राज्य सरकार ने सैद्धांतिक रूप से एसआइआर कराने पर सहमति जताई है, लेकिन इसकी जटिल प्रक्रिया, तकनीकी खामियों और मांगे जा रहे दस्तावेजों के कारण वैध मतदाताओं को हो रही कठिनाइयों पर गंभीर आपत्ति दर्ज की है। सरकार का प्रस्ताव है कि इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से पहले सभी राज्यों और छोटे-बड़े राजनीतिक दलों के साथ समावेशी चर्चा की जाए। इस चर्चा के आधार पर पारदर्शी नियम और सरल एवं सर्वमान्य प्रक्रिया वाली मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए और उसके बाद ही नए सिरे से मतदाता पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो।

राजकीय संकल्प में आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि झारखंड के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप मतदाता सूची में केवल 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम ही प्रकाशित हो पाए हैं। इस तरह लगभग 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची से बाहर हो गए हैं, जबकि सूची में शामिल करीब 27 प्रतिशत मतदाताओं को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है। इन नोटिसों में 75 प्रतिशत से अधिक मामले तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं। सरकार के अनुसार राज्य के कुल मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक या तो प्रारूप सूची से बाहर हैं या फिर नोटिस का सामना कर रहे हैं।

सरकार ने अपने संकल्प में झारखंड की विशिष्ट सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक परिस्थितियों को रेखांकित करते हुए आदिवासियों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के मताधिकार पर मंडराते खतरे पर चिंता जताई है। सरकारी दस्तावेजों में जन्मतिथि की विसंगतियों और निर्वाचन आयोग द्वारा सुझाए गए 11 दस्तावेजों की सूची में खतियान को शामिल न किए जाने से कई वैध मतदाताओं के नाम कटने की आशंका है। इसके अतिरिक्त दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों, बाहर पढ़ रहे विद्यार्थियों, बुजुर्गों, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को भी दस्तावेजों के सत्यापन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संकल्प में पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए स्थिति की गंभीरता को स्पष्ट किया गया है, जहां विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुए एसआइआर में 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटा दिए गए थे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गठित ट्रिब्यूनलों में 38 लाख से अधिक अपील आवेदन दायर हुए, जिनमें से अधिकांश पर अब भी निर्णय लंबित है। हेमंत सरकार का मानना है कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में ऐसी जटिल प्रक्रिया के परिणाम और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

अंत में राज्य सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा है कि किसी भी योग्य नागरिक को नियम, विनियम या तकनीकी प्रक्रिया के माध्यम से उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। निर्वाचन प्रक्रिया पर आम जनता का विश्वास बनाए रखने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए वर्तमान एसआइआर पर रोक लगाना और इसके स्वरूप में आवश्यक परिवर्तन करना बेहद जरूरी है।

Ranjeet Kumar Sharma

रंजीत कुमार शर्मा झारखंड के एक अनुभवी पत्रकार और मीडिया उद्यमी हैं। वह रांची से संचालित द्विभाषी (Bilingual) दैनिक समाचार पत्र और डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म यूथ बिरसा के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। जमीनी पत्रकारिता में गहरी पकड़ रखने वाले रंजीत इससे पहले द रियल खबर, झारखंड न्यूज टुडे, न्यूज ऑफ स्टेट्स और जेके 24x7 न्यूज जैसे कई प्रतिष्ठित प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों में संपादकीय और मुख्य भूमिकाएं निभा चुके हैं। वे झारखंड के सभी जिलों में निष्पक्ष, सटीक और जन-सरोकार से जुड़ी खबरों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

आधुनिक तकनीक से अपराधियों पर कसेगा शिकंजा: रांची में 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट का भव्य आगाज

सड़क सुरक्षा का अनोखा संदेश: झारखंड में इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर खुला विशालकाय हेलमेट के आकार वाला ‘हेलमग’ कैफे

चिकित्सा का कमाल: पारस एचईसी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने साढ़े तीन घंटे की जटिल सर्जरी कर जोड़ा ड्राइवर का कटा हुआ अंगूठा

पारदर्शिता की ओर सीसीएल का बड़ा कदम: सतर्कता अभियान के समापन पर ‘प्रमाण पोर्टल’ और नए लोगो आउटरो की हुई लॉन्चिंग

संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, हमारी सभ्यता और विरासत का प्रतिबिंब है: डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा

संविधान दिवस पर YBN यूनिवर्सिटी की अनूठी पहल: गोद लिए गांव लाली के बच्चों को सिखाया संवैधानिक और कानूनी अधिकारों का पाठ