जमशेदपुर: घाघीडीह स्थित केंद्रीय कारा में सोमवार रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। रात करीब 9 बजे शुरू हुआ यह सघन औचक निरीक्षण अभियान रात 11:30 बजे तक चला, जिसके चलते पूरे जेल परिसर में देर रात तक अफरा-तफरी और हलचल का माहौल बना रहा।
उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला जेल के भीतर दाखिल हुआ। इस विशेष जांच अभियान में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी भी शामिल थे।
करीब ढाई घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों और पुलिस जवानों की टीमों ने जेल के कोने-कोने की बारीकी से तलाशी ली। टीम ने बंदियों के आवासीय कक्षों, विभिन्न वार्डों और बैरकों में पहुंचकर कैदियों के सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुओं को अच्छी तरह खंगाला।

बैरकों के अलावा अधिकारियों ने जेल के रसोईघर, अस्पताल और अन्य संवेदनशील हिस्सों का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, मुख्य प्रवेश व निकास द्वार की सुरक्षा व्यवस्था, मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया और समग्र निगरानी तंत्र की भी कड़ी समीक्षा की गई।









