धनबाद: झारखंड के धनबाद स्थित ड्रोन टेक्नोलॉजी कंपनी Weintel Labs Private Limited ने स्वदेशी ड्रोन तकनीक के क्षेत्र में अपनी नवाचार क्षमता का प्रदर्शन कर शहर का नाम राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। कंपनी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) पहल के माध्यम से नई दिल्ली में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में अपनी अत्याधुनिक तकनीक प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित किया गया।
मेले के दौरान केंद्रीय MSME मंत्री जीतन राम मांझी तथा राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने Weintel Labs के स्टॉल का दौरा किया। इस अवसर पर कंपनी द्वारा विकसित स्वदेशी ‘कामिकाजे ड्रोन टेक्नोलॉजी’ (Kamikaze Drone Technology) का प्रदर्शन किया गया। दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने कंपनी की इस तकनीकी पहल और नवाचार को करीब से देखा तथा भारत के ड्रोन टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम को सशक्त बनाने के प्रयासों की सराहना करते हुए टीम का उत्साहवर्धन किया।

इस उपलब्धि ने धनबाद और पूरे झारखंड के लिए रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल दिए हैं। केंद्रीय मंत्रियों ने धनबाद के औद्योगिक विकास और भविष्य में इसे रक्षा विनिर्माण के एक संभावित केंद्र के रूप में उभरने को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई।
Weintel Labs की इस सफलता को धनबाद में स्वदेशी तकनीक, नवाचार और स्टार्टअप आधारित औद्योगिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है। इस प्रदर्शन से झारखंड की उभरती तकनीकी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद भी मजबूत हुई है।















