रांची जिले के सोनाहातू में कोल विद्रोह के महानायक और महान स्वतंत्रता सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन आगामी 1 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। इस ऐतिहासिक समारोह में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि डुमरी विधायक डॉ. जयराम महतो और जेएलकेएम (JLKM) के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो भी एक ही मंच पर नजर आएंगे। यह जानकारी युवा आंदोलनकारी देवेंद्र नाथ महतो ने दी, जिन्होंने सोमवार को अनंत महतो, मधुसूदन महतो, कृष्ण महतो और ज्योतिष महतो के साथ राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें समारोह का औपचारिक आमंत्रण सौंपा, जिसे राज्यपाल ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है। देवेंद्र नाथ महतो ने इसे पूरे पांच परगना क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का क्षण बताया है।
इस भव्य महोत्सव में साहित्यकार एवं पूर्व सांसद शैलेंद्र महतो के साथ-साथ भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, शहीद शेख भिखारी और विनोद बिहारी महतो जैसे झारखंड के महान शहीदों एवं आंदोलनकारियों के वंशजों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। वीर बुली महतो के बलिदान को स्मरण करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि 27 नवंबर 1785 को सोनाहातू के कोड़ाडीह गांव में जन्मे वीर बुली महतो ने ब्रिटिश जिला मजिस्ट्रेट एच. पी. रसेल के अत्याचारों और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बिगुल फूंका था। कर्नल बोवेन की सेना से लोहा लेने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर काला पानी की सजा दी गई और अंडमान की सेलुलर जेल भेज दिया गया, जहां 14 जून 1834 को उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
महोत्सव की रूपरेखा के तहत 27 नवंबर को सोनाहातू स्थित वीर बुली महतो चौक पर श्रद्धांजलि व माल्यार्पण कार्यक्रम होगा, जबकि 1 दिसंबर को खेलकूद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक जुलूस की धूम रहेगी। इस दिन निर्मल महतो चौक (जाड़ेया) से वीर बुली महतो चौक (सोनाहातू) तक रांची ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए 12 किलोमीटर की राष्ट्रीय युवा मैराथन दौड़ आयोजित होगी, जिसमें प्रथम विजेता को रेंजर साइकिल, द्वितीय को जूसर और तृतीय को स्पोर्ट्स किट दी जाएगी। इसके अलावा 30 मीटर की महिला कुर्सी दौड़ के विजेताओं को क्रमशः प्रेशर कुकर, इलेक्ट्रिक आयरन और थर्मस बोतल तथा बोरा दौड़ के विजेताओं को इंडक्शन चूल्हा, मिक्सर मशीन और इलेक्ट्रिक वाटर हीटर जग पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे, साथ ही सभी सफल प्रतिभागियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र से नवाजा जाएगा। आसपास के गांवों से ढोल-नगाड़ों के साथ निकलने वाले पारंपरिक जुलूस और लोकनृत्य के बीच आयोजित होने वाले इस महोत्सव को पांच परगना की अस्मिता और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए आयोजक समिति ने क्षेत्र के सभी नागरिकों, युवाओं और बुद्धिजीवियों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।











