झारखंड हाईकोर्ट ने संथाल आदिवासी समुदाय की महिलाओं के पैतृक संपत्ति में अधिकारों को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय सुनाया है। चीफ जस्टिस एम.एस. सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि महज पुरानी मान्यताओं या प्रथाओं का हवाला देकर संथाल बेटियों को पिता की संपत्ति के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि यदि कोई पक्ष पारंपरिक संथाल प्रथा के तहत बेटियों को संपत्ति से बेदखल करने का दावा करता है, तो उसे अदालत में इस प्रथा की निरंतरता और अनिवार्यता को ठोस प्रमाणों के साथ सिद्ध करना होगा। इस फैसले के साथ ही हाईकोर्ट ने जामताड़ा जिले के कुंडहित स्थित तुर्का गांव के करीब 41 साल पुराने भूमि विवाद में निचली अपीलीय अदालत के निर्णय को बरकरार रखा है।
इस कानूनी लड़ाई की शुरुआत वर्ष 1985 में हुई थी, जब तुर्का गांव की एक संथाल महिला ने अपनी पैतृक संपत्ति (शेड्यूल ‘A’ और ‘B’) पर मालिकाना हक और कब्जे के लिए टाइटल सूट दायर किया था। 5 अक्टूबर 1996 को ट्रायल कोर्ट ने आंशिक आदेश देते हुए महिला को पूरी जमीन के बजाय केवल एक-तिहाई हिस्से का हकदार माना था। इसके विरुद्ध महिला ने प्रथम अपीलीय अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसने 4 मार्च 2006 को ट्रायल कोर्ट के आदेश में संशोधन करते हुए पूरी पैतृक संपत्ति पर महिला के मालिकाना हक को स्वीकार कर लिया। इस आदेश को प्रतिवादी सनातन हेम्ब्रम एवं अन्य ने वर्ष 2006 में हाईकोर्ट में द्वितीय अपील के जरिए चुनौती दी। पूर्व में एकल पीठों के दो विरोधाभासी फैसलों (करण मुर्मू केस बनाम नारायण सोरेन केस) के कारण इस जटिल मामले को बड़ी खंडपीठ के पास भेजा गया था।
सुनवाई के दौरान अपीलकर्ताओं के अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने तर्क दिया कि तुर्का गांव की परंपरा के अनुसार बेटियों को संपत्ति में हिस्सा नहीं मिलता और केवल घरजमाई विवाह की स्थिति में ही उत्तराधिकार संभव है। इसके विपरीत, वादी पक्ष के वकील अतानु बनर्जी और एमिकस क्यूरी सुमीत गड़ोदिया ने बदलते समय और सुप्रीम कोर्ट के ‘मधु किश्वर बनाम बिहार राज्य’ फैसले का हवाला देते हुए महिलाओं के समानता के अधिकार की पुरजोर वकालत की। खंडपीठ ने अपने 27 पन्नों के विस्तृत फैसले में सुप्रीम कोर्ट के ‘लक्ष्मीबाई बनाम भगवंतबुवा’ निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी प्रथा को प्राचीन, निश्चित और निरंतर साबित करने की जिम्मेदारी दावा करने वाले पक्ष की होती है। वादी पक्ष ने 13 गवाहों और राजस्व अभिलेखों के माध्यम से बेटियों को संपत्ति मिलने की बात को मजबूती से साबित किया। अदालत ने यह भी साफ किया कि ‘करण मुर्मू बनाम कमिश्नर संथाल परगना (2004)’ मामले की टिप्पणी कोई सार्वभौमिक सिद्धांत नहीं है, बल्कि ‘नारायण सोरेन बनाम रंजन मुर्मू (2008)’ ही सही कानूनी स्थिति को दर्शाता है। अंततः कोर्ट ने घरजमाई और दूसरे गांव में निवास करने संबंधी दलीलों को खारिज करते हुए 4 मार्च 2006 के अपीलीय अदालत के फैसले पर अपनी मुहर लगा दी।









