महागामा: झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह स्थानीय विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़ी जनसमस्याओं को सुना और संगठन की मजबूती पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने विशेष रूप से SIR के तहत जारी नोटिस एवं मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों को नोटिस मिले हैं, उन्हें प्रक्रिया पूरी करने में पूरा सहयोग दिया जाए ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे और प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक मताधिकार की रक्षा हो सके।
इस दौरान गोड्डा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मो. याहया सिद्दीकी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती कुमारी, महागामा प्रखंड अध्यक्ष मिनहाज आलम, बीस सूत्री अध्यक्ष फिरोज अख्तर और नगर उपाध्यक्ष नीलेश कुमार सिंह समेत कई प्रमुख कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









