रांची। झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को विधानसभा परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। समारोह के दौरान मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को उत्कृष्ट विधायक के रूप में सम्मानित किया गया। इसके अलावा पूर्व विधायकों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन और ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा और पवित्र मंदिर है, जहां राज्य के जनसामान्य के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह संस्थान इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है, जिसकी ताकत और व्यवस्था का लोहा पूरी दुनिया मानती है। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और समितियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की नीतियां और योजनाएं आज देश के अन्य राज्यों के लिए भी नजीर बन रही हैं। विशेषकर महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की देशभर में सराहना हो रही है और दूसरे राज्य इससे प्रेरणा ले रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे।
भविष्य के रोडमैप पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वर्ष 2050 के झारखंड की तस्वीर को ध्यान में रखकर काम कर रही है। उनका प्रयास झारखंड को एक विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों के संघर्ष व बलिदान को देखते हुए उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो और नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति, विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित कई विधायक, पूर्व विधायक, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।









