रांची में बहुचर्चित जमीन घोटाले से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी के आवास पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई 21 नवंबर 2026 को रांची स्थित विशेष निगरानी न्यायालय के आदेश पर की गई। छापेमारी के दौरान एसीबी की टीम ने कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आगे की जांच में बेहद महत्वपूर्ण होने की संभावना जताई जा रही है।
यह मामला एसीबी, रांची थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत 5 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया था। जांच एजेंसी ने भारतीय दंड संहिता और संशोधित भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 और इसके संशोधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश आगे बढ़ाई है।
इस मामले में अभियुक्त बनाए गए रांची के तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी का स्थायी पता गोरखपुर, उत्तर प्रदेश दर्ज है। झारखंड एसीबी की टीम ने न्यायालय से मिले आदेश के अनुपालन में उनके आवास पर विधिवत तलाशी अभियान चलाया और जांच से जुड़े कई संभावित साक्ष्यों का संकलन किया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, बरामद साक्ष्यों और दस्तावेजों की पड़ताल के आधार पर रांची जमीन घोटाले से जुड़ी अन्य कड़ियों को जोड़ने का काम किया जा रहा है। इस कार्रवाई से पूरे मामले की जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।









