मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को आगामी “लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव-2026” में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है। शनिवार को कांके रोड राँची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में महोत्सव आयोजन समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र सौंपा।
आगामी 22 से 24 नवंबर 2026 तक बोकारो के टीटीपीएस ललपनिया में इस भव्य राजकीय महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस मुलाकात के दौरान बोकारो के उपायुक्त श्री अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक श्री नाथू सिंह मीना भी विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को महोत्सव में शिरकत करने का आग्रह किया।
मौके पर बोकारो उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को इस राजकीय महोत्सव से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति और जिला प्रशासन को महोत्सव के सफल और भव्य आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री बबुली सोरेन एवं सदस्य श्री लुदू मांझी भी उपस्थित थे।









