रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मवेशियों की क्रूरतापूर्वक तस्करी कर रहे एक वाहन को पकड़ा है। ग्रामीण एसपी के नियंत्रण और वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 के मार्गदर्शन में गठित टीम ने राजाउलातु-कुटियातु मार्ग पर छापेमारी कर एक मैजिक वाहन (संख्या JH0IEN 0520) को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान उसमें तीन मवेशियों को क्रूरतापूर्वक बांधकर वध के लिए कुसई कॉलोनी, डोरंडा ले जाए जाने का खुलासा हुआ।
पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे चालक अमित कुमार सिंह (पिता- जितेन्द्र सिंह, निवासी- अमेठिया नगर, नामकुम) को सशस्त्र बलों के सहयोग से धर दबोचा गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चोरी किए गए इन मवेशियों को वध के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने मौके से वाहन, तीनों मवेशियों और एक रेडमी 5G मोबाइल को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ नामकुम थाना में कांड संख्या-329/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 303(2), पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और झारखंड बोवाइन एनिमल प्रोहिबिशन ऑफ स्लॉटर एक्ट के तहत विधिवत कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।









