झारखंड में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान खरीद और कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) के परिवहन व रखरखाव की व्यवस्था को सुचारु बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड ने राज्य के सभी 24 जिलों में मंडी मजदूर ठेकेदारों की नियुक्ति के लिए ई-टेंडर जारी किया है। इस पूरी व्यवस्था का अनुमानित मूल्य करीब 30.57 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जिसके तहत चयनित एजेंसियों के साथ छह महीने का अनुबंध किया जाएगा और आवश्यकतानुसार इसे तीन महीने और बढ़ाया जा सकता है।
धान खरीद और सीएमआर का अनुमान
निगम के दस्तावेजों के मुताबिक, राज्य में इस सीजन 33,54,248.792 क्विंटल धान खरीद का अनुमान लगाया गया है। इससे 68 प्रतिशत के हिसाब से 22,80,889.178 क्विंटल सीएमआर तैयार होने की संभावना है। धान और सीएमआर की इस कुल 56.35 लाख क्विंटल अनुमानित मात्रा के परिवहन और हैंडलिंग से जुड़ी मजदूरी के लिए राज्य स्तरीय समिति ने दर 54.25 रुपये प्रति क्विंटल तय की है।
जिलावार अनुमानित टेंडर मूल्य के मामले में रांची, पूर्वी सिंहभूम, देवघर, साहिबगंज, दुमका और हजारीबाग में बड़े पैमाने पर काम प्रस्तावित है। अकेले रांची में लगभग 1.91 करोड़ रुपये के काम का अनुमान है।
ठेकेदारों की मुख्य जिम्मेदारियां और शर्तें
लोडिंग-अनलोडिंग व रखरखाव: पैक्स/लैंप्स और गोदामों से धान को राइस मिलों तक पहुंचाने और वहां से तैयार सीएमआर को निगम के गोदामों तक सुरक्षित पहुंचाने के दौरान लोडिंग, अनलोडिंग, बोरियों की तौल, सिलाई और स्टैकिंग की पूरी जिम्मेदारी ठेकेदारों की होगी।
श्रम कानूनों का पालन: चयनित एजेंसियों को मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी, साप्ताहिक अवकाश, ईपीएफ और कर्मचारी क्षतिपूर्ति जैसे श्रम कानूनों का सख्ती से पालन कराना होगा। इसके अलावा कार्यस्थल पर पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित करनी होंगी।
जुर्माना और प्रतिबंध: काम में किसी भी प्रकार की देरी होने पर प्रति खरीद केंद्र 2,000 रुपये प्रतिदिन तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। साथ ही, ठेकेदार इस कार्य को किसी अन्य एजेंसी को उपठेके (सब-लेट) पर नहीं दे सकेंगे।











