सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक मामले में पत्रकार अभिषेक भारती और डिजिटल न्यूज चैनल के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में रांची के पत्रकारों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। सोमवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ पत्रकारों और परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर कड़े सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ पत्रकार रजत कुमार गुप्ता और अभिषेक भारती के पिता संपूर्णानंद भारती समेत कई पत्रकार मौजूद रहे। संपूर्णानंद भारती ने रांची और सिमडेगा पुलिस पर उनके परिवार को प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस कार्रवाई से पूरा परिवार मानसिक रूप से परेशान है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सभी पत्रकारों ने प्रेस क्लब के बाहर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। उन्होंने अभिषेक भारती के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तुरंत वापस लेने की मांग की।
वरिष्ठ पत्रकार रजत कुमार गुप्ता ने इस दौरान कहा कि पत्रकारों के अधिकारों का हनन और उनके खिलाफ ज्यादती की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस पूरे मामले को लेकर झारखंड के डीजीपी तदाशा मिश्रा और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि घटनाक्रम की सही समीक्षा हो सके और उचित कदम उठाए जा सकें।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ था जब रविवार देर रात सिमडेगा और अरगोड़ा थाने की पुलिस ने विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक मामले में पीड़िता का इंटरव्यू प्रसारित करने वाले डिजिटल मीडिया चैनल के कार्यालय पर दबिश दी थी। इस दौरान पुलिस कार्यालय से माइक और अन्य उपकरण भी जब्त कर अपने साथ ले गई थी। इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही भाजपा के पूर्व सांसद दीपक प्रकाश समेत कई नेता भी मौके पर पहुंचे थे और पुलिस पर मुख्य आरोपी की जगह मीडियाकर्मियों को परेशान करने का आरोप लगाया था। फिलहाल पत्रकार संघ इस मामले में न्याय और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।









