रांची: गुमला से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक नाबालिग आदिवासी बच्ची द्वारा लगाए गए यौन शोषण के गंभीर आरोपों के बाद सियासत गरमा गई है। इन आरोपों के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) रांची महानगर जिला के तत्वावधान में धुर्वा थाना का जोरदार घेराव किया गया। महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए और आरोपी विधायक की तत्काल गिरफ्तारी व पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि पर लगे इस तरह के गंभीर आरोप पूरे समाज को झकझोर देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी का राजनीतिक रसूख कानूनी कार्रवाई में बाधा नहीं बनना चाहिए। पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपी विधायक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए और पीड़िता के परिवार को पूरी सुरक्षा मिलनी चाहिए।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बेटियों की अस्मिता और सुरक्षा किसी राजनीतिक दल की सीमा से बंधा विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि पुलिस बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई करे।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक पीड़िता को न्याय नहीं मिलता और दोषियों पर कानूनसम्मत कार्रवाई नहीं होती, तब तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा। इस विरोध प्रदर्शन में सुबोध सिंह गुड्डू, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, बीना मिश्रा, अनीता वर्मा सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।











