राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी और अंतिम सोमवारी पर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा है। पूरा मंदिर परिसर और आसपास का इलाका ‘बोल बम’ व ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान है।
अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर तड़के 04:13 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं द्वारा बाबा बैद्यनाथ पर पवित्र गंगाजल अर्पित करने का क्रम शुरू हुआ। जलार्पण को लेकर भक्तों में इतना भारी उत्साह देखा गया कि रात दो बजे से ही कांवरियों की कतार नंदन पहाड़ तक पहुंच चुकी थी। सुबह होते-होते रूट लाइन में शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ती गई।
लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर निरंतर बाबा के दरबार की ओर अग्रसर हैं। इतनी विशाल भीड़ को नियंत्रित करने और कांवरियों को सुलभ व सुरक्षित जलार्पण कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध और पुख्ता व्यवस्थाएं की हैं। आस्था के इस महाकुंभ में बाबा नगरी पूरी तरह भक्ति रस में डूबी नजर आ रही है।









