रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बासुदेव ऑटो (टाटा मोटर्स) के वर्कशॉप में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में वर्कशॉप परिसर में मरम्मत और सर्विसिंग के लिए खड़ी नौ चार पहिया गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सुबह धुआं और लपटें उठती देख वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने तुरंत वर्कशॉप प्रबंधन, स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वर्कशॉप प्रबंधन ने कुल नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है और जिन ग्राहकों की गाड़ियों को क्षति पहुंची है, उन्हें फोन के माध्यम से सूचित कर दिया गया है ताकि आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।









