सिमडेगा: कुरडेग थाना क्षेत्र के खिंडा भंडार टोली में जहरीले सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान बोंदो देवी (47 वर्ष), पति बसंत खड़िया, निवासी खिंडा भंडार टोली के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे. बोंदो देवी जमीन पर सोई हुई थीं. गुरुवार तड़के करीब चार बजे वह अचानक उठीं और चिल्लाने लगीं कि उन्हें किसी चीज ने काट लिया है. इसके बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. परिजन तत्काल उन्हें वाहन से लेकर सुबह करीब पांच बजे कुरडेग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रबंधन ने कुरडेग थाना पुलिस को जानकारी दी. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा भेजने की प्रक्रिया शुरू की. इस दौरान मृतका के पति बसंत खड़िया पोस्टमार्टम कराने का विरोध करने लगे और शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात पर अड़ गए.
बाद में पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय पत्रकारों ने परिजनों को समझाया कि सरकार द्वारा सर्पदंश से मृत्यु होने पर आश्रितों को मुआवजा देने का प्रावधान है, जिसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आवश्यक होती है. काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए. इसके बाद शव को पुलिस वाहन से पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा भेजा गया.