वासु कुमार
महागामा : महागामा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या–4 में कई दिनों से जाम नाले और फैली गंदगी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया और कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल के निर्देश पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।नगर पंचायत की टीम ने वार्ड में पहुंचकर जाम नालों की सफाई कराई। सफाई अभियान का नेतृत्व सिटी मैनेजर रोहित गुप्ता ने किया। वहीं सुपरवाइजर फिरोज खान, राजकुमार यादव एवं चंदन कुमार की मौजूदगी में सफाई कर्मियों द्वारा नाले से जमा गाद, प्लास्टिक एवं कचरे को निकालकर साफ किया गया।स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से नाला जाम रहने के कारण बदबू और जलजमाव की समस्या बनी हुई थी। बरसात से पहले स्थिति और गंभीर होने लगी थी, जिससे संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया था।
शिकायत मिलने के बाद नगर पंचायत प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने पर लोगों ने राहत महसूस की।वार्ड पार्षद हेमंत कुमार ने कहा कि वार्डवासियों की समस्या को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन से सफाई कराने की मांग की गई थी। प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सफाई कार्य शुरू कराया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।नगर पंचायत प्रशासन ने आम लोगों से नालियों में कचरा नहीं फेंकने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया कि नगर क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान जारी रहेगा, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके।
