गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम बालू लदे तीन हाइवा जब्त किए जाने के बाद खान विभाग और वाहन संचालकों के बीच भारी टकराव देखने को मिला। खान निरीक्षक अरविंद ने ओवरलोडिंग और अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत इन वाहनों को पकड़कर भरनो थाना पुलिस के हवाले कर दिया। जब्ती की सूचना मिलते ही दर्जनों हाइवा संचालक थाने पहुंच गए और कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए देर रात तक जमकर हंगामा किया। इस दौरान खान निरीक्षक और संचालकों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
खान निरीक्षक अरविंद ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह छापेमारी गुमला एसडीओ के निर्देश पर अवैध खनन व ओवरलोडिंग के खिलाफ की गई थी, जिसके तहत पकड़े गए तीनों हाइवा पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया है।
दूसरी ओर, हाइवा संचालकों ने खान निरीक्षक पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि खान निरीक्षक बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो में कुछ लोगों के साथ आए थे और कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों के साथ मारपीट की गई। हालांकि, खान निरीक्षक ने मारपीट और बाउंसर रखने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके साथ कोई बाउंसर नहीं बल्कि उनका निजी चालक मौजूद था। थाने में हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दोनों पक्षों के बीच तनातनी बढ़ गई है और मामले में आगे की कानूनी जांच जारी है।










