रांची के बहुचर्चित रिम्स जमीन घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन डीसीएलआर, तीन जिला अवर निबंधकों और दो अंचल अधिकारियों समेत कुल छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला एसीबी रांची थाना कांड संख्या 01/2026 से जुड़ा हुआ है, जिसमें पांच जनवरी 2026 को विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में तत्कालीन भूमि सुधार उप-समाहर्ता (सदर) मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार, वैभवमणि त्रिपाठी और राहुल कुमार चौबे, तथा तत्कालीन अंचल अधिकारी (बड़ागाई) शैलेश कुमार और (शहर अंचल) राजेश कुमार शामिल हैं। एसीबी के अनुसार, जांच के दौरान इन सभी के खिलाफ अपने पद का दुरुपयोग कर आपराधिक षड्यंत्र रचने और निजी आर्थिक लाभ कमाने के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जिसके आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है।








