रांची। झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को सशक्त और सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की विशेष पहल पर ‘VB-G RAM G’ योजना के अंतर्गत राज्यभर में 12,500 किलोमीटर लंबी जी.एस.बी. (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य फोकस उन दूरदराज और ग्रामीण बसावटों को मुख्य मार्ग से जोड़ना है जो अब तक पक्की सड़कों से वंचित थीं या प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के दायरे में शामिल नहीं हो पाई थीं।
इस योजना के तहत राज्य के सभी 24 जिलों को आच्छादित किया गया है, जिसमें पूर्वी सिंहभूम में सबसे अधिक 1,400 किलोमीटर, पलामू में 1,100 किलोमीटर, गढ़वा में 1,000 किलोमीटर, चतरा में 850 किलोमीटर और लातेहार में 800 किलोमीटर सड़क निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह पश्चिमी सिंहभूम में 750 किलोमीटर, हजारीबाग में 700 किलोमीटर, बोकारो और गोड्डा में 600-600 किलोमीटर, लोहरदगा और सिमडेगा में 500-500 किलोमीटर, देवघर, खूंटी, जामताड़ा और सरायकेला-खरसावां में 400-400 किलोमीटर, गुमला और गिरिडीह में 350-350 किलोमीटर, रांची और पाकुड़ में 300-300 किलोमीटर, दुमका और धनबाद में 200-200 किलोमीटर, साहेबगंज और कोडरमा में 150-150 किलोमीटर तथा रामगढ़ जिले में 100 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
बेहतर सड़क नेटवर्क तैयार होने से ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होगा और किसानों को अपनी उपज, सब्जियां, फल और लघु वनोपज सीधे बाजारों तक पहुँचाने में मदद मिलेगी। इससे परिवहन लागत और समय की बचत होने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों के दौरान गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय मानकों का पूरी तरह पालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीण जनता को इन सड़कों का दीर्घकालिक लाभ मिल सके।









