रांची स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों में सेवा दे चुके 455 सेवानिवृत्त तथा दिवंगत पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत देते हुए सुनिश्चित करियर प्रगति योजना (ACP) और संशोधित सुनिश्चित करियर प्रगति योजना (MACP) के तहत वित्तीय उन्नयन का लाभ स्वीकृत कर दिया है। यह महत्वपूर्ण निर्णय 14 जुलाई को आयोजित महानिदेशक चयन पर्षद-सह-स्क्रीनिंग समिति की बैठक में लिया गया था, जिसके बाद आईजी मानवाधिकार ने 23 नवंबर को इसका आधिकारिक आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, पुलिसकर्मियों को उनकी नियमित सेवा के 12 व 24 वर्ष (ACP) तथा 10, 20 व 30 वर्ष (MACP) पूरे होने के आधार पर प्रथम, द्वितीय या तृतीय वित्तीय उन्नयन दिया गया है। पात्रता और निर्धारित तिथियों के अनुरूप इन कर्मियों को पुराने वेतनमान (4000-6000, 5500-9000, 6500-10500), ग्रेड पे (2400 से 4800 तक) और नए पे मैट्रिक्स लेवल-6, लेवल-7, लेवल-8 एवं लेवल-9 के अंतर्गत यह आर्थिक लाभ प्रदान किया जाएगा। इस सूची में रांची, धनबाद, बोकारो, गुमला, लोहरदगा, गोड्डा, सिमडेगा, गिरिडीह, गढ़वा, पलामू, साहिबगंज, देवघर, सरायकेला, खूंटी, जामताड़ा, चतरा, लातेहार व दुमका जिलों के साथ-साथ एटीएस, स्पेशल ब्रांच, एसीबी, एसटीएफ, सीआईडी और रेल पुलिस में कार्यरत रहे पदाधिकारी शामिल हैं।
मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि वित्तीय उन्नयन के दौरान वेतन निर्धारण भारत सरकार की मौलिक नियमावली के नियम 22(I)(ए)(I) व संबंधित निर्देशों के तहत किया जाएगा और वास्तविक आर्थिक लाभ सक्षम स्तर से वेतन सत्यापन के बाद ही देय होगा। वित्त विभाग के 7 अप्रैल 2017 के पत्र के आलोक में संबंधित कर्मियों से यह शपथ-पत्र लेना अनिवार्य होगा कि भविष्य में किसी त्रुटि के कारण आदेश निरस्त होने पर अधिक भुगतान की गई राशि की वसूली की जा सकेगी। वहीं, पूर्व में स्वीकृत एसीपी या एमएसीपी में संशोधन या रद्दीकरण से जुड़ी वसूली के मामले वित्त विभाग के 8 नवंबर 2018 के संकल्प के तहत गठित त्रिसदस्यीय विभागीय समिति के समक्ष भेजे जाएंगे। यह वित्तीय उन्नयन पूरी तरह व्यक्तिगत होगा और इसका पारस्परिक वरीयता से कोई संबंध नहीं रहेगा, अर्थात कनीय कर्मी को उच्च वेतनमान या ग्रेड पे मिलने के आधार पर किसी वरीय कर्मी को अतिरिक्त वित्तीय उत्क्रमण या वेतन संरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा।









