दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), सेल टाउनशिप, रांची के विवेकानंद सभागार में नन्हे बच्चों ने अपने कलात्मक प्रदर्शन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रेप से कक्षा 2 तक के करीब 300 विद्यार्थियों ने मिलकर वार्षिक समारोह “समन्वय” का भव्य और आकर्षक मंचन किया। बड़ी संख्या में मौजूद अभिभावकों, मीडिया कर्मियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में यह आयोजन करुणा, सद्भाव और एकता की अनूठी मिसाल बनकर उभरा।
कार्यक्रम की शुरुआत विघ्नहर्ता गणपति की आराधना के साथ हुई, जिसके बाद नन्हे बच्चों ने संगीत, नृत्य और नाट्य रूपांतरण के जरिए मानव जगत और प्रकृति के अंतर्संबंधों को जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों ने अपने भावपूर्ण प्रदर्शन से यह दर्शाया कि प्रकृति के साथ सामंजस्य, पशु-पक्षियों व वनस्पतियों का संरक्षण और जीवन में माता-पिता का सर्वोच्च स्थान कितना अनिवार्य है। इसके साथ ही स्वच्छता और सुचिता के संदेश ने मानवीय संवेदनाओं को गहरे तक छुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने नन्हे कलाकारों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और तालमेल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में समन्वय और संतुलन ही समाज की प्रगति का मूल आधार है। जब विचारों में सामंजस्य होता है, तभी समाज और राष्ट्र उन्नति की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने इस रचनात्मक नींव को मजबूत करने के लिए शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद किया और पूरे सभागार ने तालियों की गड़गड़ाहट से इन होनहार बच्चों का उत्साहवर्धन किया।









