बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ (Akvan) के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में चक्रवात के संभावित असर, भारी बारिश की आशंका, किसानों की खड़ी फसल, आम लोगों की सुरक्षा और आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल आपदा के बाद राहत पहुंचाना नहीं, बल्कि पहले से पुख्ता तैयारी करना है ताकि जान-माल के नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान राज्य के किसानों और खेतों में खड़ी फसल को लेकर विशेष चिंता जताई गई। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि प्रदेश में अभी तक लगभग 25 प्रतिशत धान की कटाई हो सकी है, जबकि करीब 75 प्रतिशत धान की फसल अभी खेतों में ही है। चक्रवात के कारण लगातार भारी बारिश होने पर किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि यदि बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचता है तो पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराया जाए। कृषि विभाग, अंचल प्रशासन और जिला प्रशासन को संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन करने को कहा गया है, ताकि प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत समय पर राहत और मुआवजा मिल सके।
संभावित भारी बारिश के मद्देनजर प्रशासन को जलभराव, निचले इलाकों में पानी भरने, कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों के प्रभावित होने जैसी स्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं को निर्बाध रखने के लिए सभी जिलों के सिविल सर्जनों को अलर्ट किया गया है और अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, एंबुलेंस व आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन बेहतर पूर्व तैयारी और त्वरित कार्रवाई से नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मौसम विभाग और जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, तेज हवा व बारिश के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें, अनावश्यक बाहर न निकलें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचित करें।









