मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से शनिवार को कांके रोड राँची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव श्री कृपानंद झा, अल्पसंख्यक कल्याण आयुक्त श्री कुलदीप चौधरी और प्रेझा फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान अधिकारियों और फाउंडेशन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को आगामी 23 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले “मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम” में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
राँची के प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम के तहत विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित 3,044 छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रेझा फाउंडेशन के चीफ प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री मिनाक्षी कुमार, स्टेट लीड गवर्नमेंट इंगेजमेंट श्री अमित वाल्मीकि एवं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री चितरंजन सामंत राय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम की तैयारियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।








