मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से शनिवार को कांके रोड राँची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सिख समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को श्री गुरुनानक देवजी की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले प्रकाश पर्व कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए सादर आमंत्रित किया। यह भव्य प्रकाश पर्व कार्यक्रम आगामी 24 नवंबर 2026 को राँची के पीपी कंपाउंड स्थित श्री गुरुनानक स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री को निमंत्रण देने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष श्री ज्योति सिंह मथारू, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के सचिव श्री गगनदीप सेठी, गुरुगोविंद सिंह स्कूल के सचिव श्री रंजीत सिंह हैप्पी, पार्षद श्री परमजीत सिंह टिंकू और झारखंड सिख फेडरेशन के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह शामिल थे। इसके अतिरिक्त गुरुनानक हॉस्पिटल के सदस्य श्री राजदीप सिंह ऋषि, प्रोफेसर श्री हरविंदर वीर सिंह, श्री जसपाल सिंह पंधेर, सरदार श्री ध्यान सिंह तथा श्री हरजीत सिंह सिंकी भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।








