भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा, झारखंड प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज राजभवन में राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में महिलाओं और विशेषकर आदिवासी बेटियों के खिलाफ बढ़ रहे कथित अपराधों, पॉक्सो एक्ट के मामलों, पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और पत्रकारों के उत्पीड़न के मुद्दों को लेकर गहरी चिंता जताई और सभी मामलों में उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सिमडेगा की एक नाबालिग आदिवासी किशोरी के साथ कथित यौन शोषण के मामले का विशेष रूप से उल्लेख किया। सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस विधायक श्री भूषण बाड़ा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल ने आशंका जताई कि पीड़िता को कथित रूप से आरोपी विधायक के आवास पर ले जाया गया था और उस पर दबाव बनाया गया था, इसलिए इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर पीड़िता व उसके परिवार को पुख्ता सुरक्षा प्रदान की जाए।
इसके अलावा, बैठक में युवा आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध मौत का मामला भी जोर-शोर से उठाया गया। ज्ञापन में उनकी मौत से पहले की गई शिकायतों, भूमि विवाद से जुड़े गंभीर आरोपों और पुलिस-प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इस पूरे मामले की तह तक जाकर सच्चाई सामने लाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म और गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी क्षेत्र में एक मिशन से जुड़े व्यक्ति द्वारा आदिवासी महिला के यौन शोषण के मामलों का भी जिक्र किया और पीड़ित महिलाओं को तुरंत न्याय व सुरक्षा देने की मांग की।

कानून-व्यवस्था के साथ-साथ प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों और मीडिया संस्थानों पर हो रही कार्रवाई पर भी ऐतराज जताया। कांग्रेस विधायक से जुड़े मामले को सार्वजनिक करने वाले पत्रकारों और संबंधित न्यूज चैनल के कार्यालय के खिलाफ हुई पुलिसिया कार्रवाई पर चिंता जताते हुए उन्होंने इसकी निष्पक्ष समीक्षा की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि इन तमाम गंभीर मामलों का संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार को त्वरित और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए जाएं, ताकि महिलाओं, आदिवासी बेटियों की सुरक्षा और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।








