CCL कोलयरी क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों का तांडव, सुरक्षा गार्डों को बनाया बंधक, वर्कशॉप से लाखों की लूट
जिले के CCL कोलयरी क्षेत्र में बीती रात एक बड़ी और सनसनीखेज आपराधिक वारदात सामने आई है। रात करीब 1:30 बजे 20 से 25 की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने CCL वर्कशॉप परिसर में धावा बोलते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया और लाखों रुपये मूल्य के सामान की लूटपाट कर फरार हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी अपराधी अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे और पूरी तैयारी के साथ वर्कशॉप परिसर में दाखिल हुए। उन्होंने सबसे पहले वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को अपने निशाने पर लिया। सुरक्षा कर्मियों को धमकाते हुए अपराधियों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया, जिससे किसी भी प्रकार का प्रतिरोध संभव नहीं हो सका।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी सुरक्षा गार्ड श्याम सुंदर महतो ने बताया कि अपराधियों ने अचानक हमला किया और किसी को संभलने का मौका तक नहीं दिया। हथियारों के बल पर सभी गार्डों को बंधक बना लिया गया और फिर पूरी रात बेखौफ होकर वर्कशॉप में रखे लोहे के सामान, मशीनरी के पार्ट्स और अन्य कीमती सामग्रियों को वाहनों में लादकर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि लूटे गए सामान की कीमत लाखों रुपये में है।
सुबह जब घटना की जानकारी CCL प्रबंधन और पुलिस को मिली तो पुलिस अधिकारी और CCL के वरिष्ठ पदाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने वर्कशॉप परिसर का गहन निरीक्षण किया और चोरी गए सामान की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल से कुछ अहम सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके। साथ ही, इलाके में सघन छापेमारी और वाहन जांच अभियान भी तेज कर दिया गया है।
इस बड़ी वारदात ने CCL की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में डर का माहौल है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस घटना का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
महागामा में दिनदहाड़े लूट से हड़कंप, बैंक से पैसे निकालकर घर जा रहे व्यक्ति से नकदी छीनकर फरार बदमाश
शिव महापुराण कथा के भव्य आयोजन पर कुप्रबंधन का साया, वीआईपी संस्कृति और व्यवस्थागत खामियों ने श्रद्धालुओं की आस्था को किया आहत
‘अबुआ सरकार’ में आंदोलनकारियों के विरोधी हावी: मान-सम्मान और हक के लिए 10 जून को मुख्यमंत्री आवास घेरेंगे आंदोलनकारी
महागामा की बदलती तस्वीर: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया 1.47 करोड़ की सड़क का शिलान्यास, भुसका पहाड़ पर जल्द बनेगा भव्य पार्क
पिठोरिया के हनुमान मंदिर में चोरों का तांडव: तीसरी बार हुई चोरी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी