रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इस महोत्सव का विधिवत उद्घाटन राज्य सरकार के मंत्रियों श्री दीपक बिरुवा, श्रीमती दीपिका पांडे सिंह और श्री संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। इस भव्य आयोजन का उद्देश्य राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने, जनजातीय कलाओं को प्रोत्साहित करने और सरकार की विकास यात्रा को आम जनता तक पहुंचाना है।
उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद एक मनमोहक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य की पारंपरिक और जनजातीय कलाओं की जीवंत झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत रांची के श्री कुश कुमार करुवा के मधुर बांसुरी वादन से हुई, जिसके बाद मुण्डारी, नागपुरी, उरांव और संथाली नृत्यों के समायोजन के माध्यम से झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति पेश की गई। इसके अतिरिक्त गुरु तपन कुमार पटनायक के नेतृत्व में विश्वप्रसिद्ध सरायकेला छउ नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई, वहीं श्रीमती वर्षा लकड़ा एवं उनके दल ने आधुनिक नागपुरी नृत्य से दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक संध्या में महिला बैंड ‘द सजनी ग्रुप’ ने आधुनिक नागपुरी गायन और वादन से समां बांध दिया।
महोत्सव स्थल पर सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए लगभग 160 आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित कई प्रमुख विभागों के स्टॉल शामिल हैं, जहां सरकारी योजनाओं के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों की भी प्रदर्शनी लगाई गई है।
इस गरिमामय अवसर पर प्रशासन के कई शीर्ष अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें गृह, कारा एवं आपदा विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती वंदना दादेल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार, पर्यटन सचिव श्री मुकेश कुमार, संस्कृति निदेशक श्री आसिफ़ एकराम, खादी बोर्ड निदेशक श्री आलोक कुमार, उद्योग निदेशक श्री विशाल सागर, सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक श्रीमती माधवी मिश्रा, पर्यटन निदेशक श्री नमन प्रियेश, जेएसएलपीएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अनन्य मित्तल और झारक्राफ्ट की मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीमती गरिमा सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे। आने वाले दिनों में भी इस महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनियों और रचनात्मक गतिविधियों का दौर जारी रहेगा।









